Featuredदेशराजनीति

महिला कांग्रेस की बैठक में हंगामा, मधु शर्मा ने अलका लांबा पर लगाया अपमानित करने का आरोप

भोपाल : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को हुई महिला कांग्रेस की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। सिंगरौली से पहुंचीं नेत्री मधु शर्मा ने अपना नाम न पुकारे जाने पर आपत्ति जताई तो संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने उन्हें टोकते हुए कहा कि आपसे बाद में चर्चा करूंगी तो वह नाराज हो गईं और जोर-जोर से कहने लगीं कि क्या हमें अपमानित करने और जूते मारने के लिए बुलाया गया है।

 

बाहर निकल कर अपमानित करने का लगाया आरोप

 

बाद में मधु शर्मा नाराजगी जताते हुए सभाकक्ष से बाहर निकल गईं और मीडिया के समक्ष आरोप लगाया कि अलका लांबा ने उन्हें जूते मारकर बाहर निकालने के लिए कहा। हालांकि, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हंगामा

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें भाग लेने आईं राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने पदाधिकारियों की उपस्थिति लेने के लिए नाम पुकारे तो उसमें सिंगरौली की मधु शर्मा का नाम नहीं था।

इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह प्रदेश महासचिव हैं। दो-दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। लोकसभा चुनाव प्रभारी थी। क्या हमारी नियुक्ति फर्जी है। इस पर बात इतनी बढ़ी कि मधु ने खुद को अपमानित करने का आरोप लगा दिया।

लांबा ने किया समझाने का प्रयास

लांबा ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने कहा कि हमें क्या जूते मारने और अपमानित करने के लिए बुलाया है। बैठक से बाहर निकलकर मधु शर्मा ने मीडिया से चर्चा में लांबा पर जूते मारकर बाहर करने की बात कहने का आरोप लगाया। यहां से उन्हें प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक अपने कक्ष में ले गए, जहां वह रोने लगीं।

पटवारी बोले- महिलाओं का संगठन में पूरा सम्मान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि महिलाओं को संगठन में पूरा सम्मान दिया जाएगा। महिला अत्याचार की घटनाओं को एकजुटता के साथ उठाएं। वहीं, संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने मधु शर्मा के आरोप पर कहा कि ऐसी कोई बात नहीं हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button