कोरबा

Tragic Accident : कोरबा जिले के भारत माला मार्ग पर भीषण हादसा…! स्कॉर्पियो-ट्रेलर भिड़ंत में युवक की मौत…गैस कटर से काटकर निकाले गए घायल

दो की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

कोरबा, 03 अप्रैल। Tragic Accident : कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा भारतमाला मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंची टीम ने गैस कटर की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भेजा।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था और पिछले दो वर्षों से रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी को तीन साल हुए थे और उसका एक छोटा बच्चा भी है।

वहीं हादसे में घायल 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर निवासी) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (सेमरा, धमतरी निवासी) को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक रायपुर से कोरबा की ओर जा रहे थे, तभी तरदा के पास यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button