Tamil Nadu Van Accident : कोयंबटूर में दर्दनाक हादसा…! खाई में गिरी स्कूल स्टाफ से भरी वैन…9 की मौत
13वें हेयरपिन मोड़ से संतुलन खो बैठा
कोयंबटूर, 18 अप्रैल। Tamil Nadu Van Accident : तमिलनाडु के Coimbatore जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में केरल के शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों से भरी एक पर्यटक वैन गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
यह हादसा Valparai–Pollachi Hill Road पर उस समय हुआ, जब वैन पहाड़ी रास्ते के एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। पुलिस के अनुसार, वाहन 13वें हेयरपिन मोड़ से संतुलन खो बैठा और नीचे 9वें मोड़ के पास गहरी खाई में जा गिरा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त वैन में कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की पहचान की जा चुकी है। हादसे में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाएं लगातार जुटी रहीं। इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।



