
कोरबा। कहते हैं “जाको राखे सैयां, मार सके न कोय”… ये कहावत को सोमवार की रात कोरबा पुलिस ने सच कर दिखाया। सर्वमंगला से कनबेरी मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद जब भारी वाहन के केबिन में ड्राइवर फंसे तो हालात बेहद गंभीर हो गए। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई, लोग बदहवास थे, पर पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और घंटों की मशक्कत के बाद फंसे हुए ड्राइवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना रात करीब 11 बजे की है। बताया जाता है कि पंतोरा की ओर से आ रही गिट्टी से भरी हुई हाइवा और सर्वमंगला से कनबेरी की ओर जा रहे ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गए। हादसा देखकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन तुरंत सूचना पाकर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद ड्राइवरों को बाहर निकालने की कोशिश की। अंधेरे और लगातार खतरे के बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी। करीब एक घंटे की लगातार मेहनत के बाद दोनों ड्राइवरों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की आंखों में राहत के आँसू छलक उठे और हर किसी ने पुलिस टीम की हिम्मत और संवेदनशीलता की सराहना की।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर पुलिस मौके पर समय रहते नहीं पहुंचती तो दोनों ड्राइवरों की जान बचाना नामुमकिन था। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लोगो के जिंदगी की रक्षा के लिए समर्पण और जज्बे से बढ़कर कुछ नहीं होता।















