Suicide on Railway Track : पत्नी की हत्या मामले में फरार आरोपी पति का रेलवे ट्रैक पर मिला सर विहीन शव…! जेब से मिला कथित सुसाइड नोट

News Power Zone
3 Min Read
Suicide on Railway Track
इंदौर, 20 जुलाई। Suicide on Railway Track : इंदौर में डाक सहायक उर्मिला सैनी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अखिलेश सैनी (45) का शव विदिशा जिले के गंजबासौदा-पवई रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव का सिर धड़ से अलग था और मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने प्रारंभिक पहचान परिजनों से कराई है, जबकि अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।

11 जुलाई को हुई थी पत्नी की हत्या

11 जुलाई की सुबह इंदौर के डाक कुंज कॉलोनी स्थित शासकीय आवास में जीपीओ में पदस्थ डाक सहायक उर्मिला सैनी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में पति अखिलेश सैनी पर हत्या का आरोप लगा था और घटना के बाद से वह फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

बेटी को सामान देकर हुआ था गायब

पुलिस जांच में सामने आया था कि हत्या के बाद अखिलेश अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा था। वहां उसने मोबाइल, एटीएम कार्ड, स्कूटर की चाबी और अन्य सामान बेटी को सौंपा और फिर लापता हो गया।

रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव

शनिवार देर रात पुष्पक एक्सप्रेस के लोको पायलट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक पर मिला शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था और सिर गायब था। पुलिस ने कई किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन सिर बरामद नहीं हो सका। जेब से मिले आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान अखिलेश सैनी के रूप में की गई।

जेब से मिला कथित सुसाइड नोट

पुलिस को मृतक की जेब से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने अपने बेटे से अंतिम संस्कार कराने की इच्छा जताई है और माता-पिता से बच्चों की देखभाल करने की अपील की है। नोट में कुछ व्यक्तिगत आरोप भी लिखे गए हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुसाइड नोट में लिखे गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन सभी दावों की जांच उपलब्ध साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर की जाएगी।

डीएनए जांच से होगी अंतिम पुष्टि

शव का सिर नहीं मिलने के कारण पुलिस डीएनए परीक्षण करा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक रिपोर्ट और डीएनए जांच के बाद ही मौत की वजह और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
Share This Article