Sadhvi Prem Baisa : साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत…! पुलिस ने किया बड़ा खुलासा…पुलिस ने किया एसआईटी जांच को तेज
नर्सिंगकर्मी द्वारा लगाए गए इंजेक्शन की जांच जारी, एक्सपर्ट राय का इंतजार
जोधपुर, 14 फरवरी। Sadhvi Prem Baisa : राजस्थान के जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ा खुलासा किया है। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि साध्वी की मौत कार्डियक और पल्मोनरी अरेस्ट से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, एफएसएल और हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट से साफ हो गया है कि मौत किसी जहर या अन्य बाहरी कारण से नहीं हुई। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि साध्वी के साथ किसी प्रकार का यौन शोषण नहीं हुआ था।
इंजेक्शन से जुड़ी जांच
कमिश्नर ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि एक नर्सिंगकर्मी ने साध्वी को जो इंजेक्शन लगाया, वह शेड्यूल एच श्रेणी का था। इस प्रकार के इंजेक्शन बिना अधिकृत डॉक्टर की पर्ची के नहीं लगाए जा सकते। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या इंजेक्शन की वजह से कार्डियक और पल्मोनरी अरेस्ट हुआ, तो उन्होंने कहा कि इस पर एक्सपर्ट मेडिकल ओपिनियन अभी आना बाकी है।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी बताया कि देवी सिंह नामक व्यक्ति ने इंजेक्शन को लेकर स्वयं उसे लेकर आया था, लेकिन अब तक उस इंजेक्शन से जुड़ी कोई पर्ची नहीं मिली है। कमिश्नर ने कहा कि एक्सपर्ट रिपोर्ट आने के बाद यदि लापरवाही सामने आती है तो बीएनएस और चिकित्सकीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गैर इरादतन हत्या का मामला
उन्होंने यह भी कहा कि गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होने की संभावना पर कहा कि सभी विकल्प रिपोर्ट के आधार पर खुले हैं। वर्तमान में, जांच पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है और एक्सपर्ट राय आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
एसआईटी जांच और पिता की भूमिका
इस मामले की जांच एसआईटी ने की है। अब तक 44 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और 106 मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स खंगाली गई हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि साध्वी के पिता ने उनकी मौत के बाद लोगों को इकट्ठा करने के लिए फोन किए थे, लेकिन यह भावनात्मक स्थिति में किया गया कदम था। जांच में उनकी कोई संदिग्ध भूमिका सामने नहीं आई है।
न्याय की मांग पोस्ट
कमिश्नर ने यह भी बताया कि साध्वी द्वारा पहले दर्ज कराए गए मामलों से जुड़े किसी व्यक्ति की इस मौत में कोई भूमिका नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि साध्वी के नाम से जो न्याय की मांग वाला संदेश पोस्ट हुआ था, वह उनके पिता ने भीड़ जुटाने के उद्देश्य से लिखवाया था। फिलहाल, जांच जारी है और एक्सपर्ट रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी साफ किया कि सभी विकल्प अभी खुले हैं और इस मामले में आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



