कोरबा

Korba News : कलेक्टर ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग और जल संसाधन परियोजनाओं का निरीक्षण…! किसानों को शीघ्र मुआवजा देने…अधूरे कार्य पूर्ण करने के निर्देश

जल और सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए आदेश

कोरबा, 26 नवंबर। Korba News : कलेक्टर अजीत वसंत ने आज कटघोरा विकासखंड के ग्राम कापूबहरा से जुराली तक राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण से प्रभावित किसानों को शेष मुआवजा शीघ्र वितरित किया जाए, ताकि किसी भी किसान को प्रतीक्षा न करनी पड़े।

कलेक्टर ने अधूरे निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को इसे प्राथमिकता के साथ जल्द पूर्ण करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अधूरा राष्ट्रीय राजमार्ग आमजनों की दैनिक आवाजाही प्रभावित कर रहा है, इसलिए कार्य में तेजी लाना आवश्यक है। यह निरीक्षण कटघोरा नगरवासियों द्वारा हाल ही में व्यक्त की गई चिंता के मद्देनजर किया गया।

बिंझरा नाले में स्टॉपडेम निर्माण की स्वीकृति

राष्ट्रीय राजमार्ग निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम बिंझरा का दौरा किया और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ नाले का स्थल निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि स्टॉपडेम बनने से लगभग 40-50 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई संभव होगी, जिससे खरीफ और रबी फसल के साथ सब्जी उत्पादन में वृद्धि होगी।

ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने डीएमएफ मद से बिंझरा नाले में स्टॉपडेम निर्माण की स्वीकृति दी। इसके अलावा ग्राम पोड़ी गोसाई और खोडरी के नालों में भी स्टॉपडेम निर्माण हेतु एसडीएम को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि ग्रामीणों की जल संसाधन संबंधी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा और परियोजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button