Raipur Police Action : रायपुर में पुलिस ने 80 हजार की एमडीएमए के साथ युवक को रंगेहाथ पकड़ा
रायपुर, 15 फरवरी। Raipur Police Action : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपये की एमडीएमए ड्रग्स के साथ एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (डीकेएस अस्पताल) के पीछे पार्किंग क्षेत्र से पकड़ा गया।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
14 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक डीकेएस अस्पताल के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र में एमडीएमए ड्रग्स बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एक टीम गठित की गई।
टीम ने मुखबिर से प्राप्त हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को पकड़ा और पूछताछ की। युवक ने अपना नाम चित्रांश पवार उर्फ गोल्डी (20 वर्ष) बताया, जो रायपुर के राजा तालाब अमर चौक, थाना सिविल लाइन का निवासी है।
क्या बरामद हुआ?
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 06.32 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया। इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद की गई ड्रग्स की कीमत पुलिस ने लगभग 80,000 रुपये आंकी है।
कानूनी कार्रवाई:
आरोपी के खिलाफ थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य संबंधित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है ताकि इस रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके और अन्य तस्करों को पकड़ने में मदद मिल सके।



