Raipur Petrol Pump : मरीन ड्राइव के पेट्रोल पंप पर बवाल…! पेट्रोल में पानी की शिकायत…सैंपल जांच के लिए भेजे गए…रिपोर्ट का इंतजार
टंकी फुल कराते ही बंद पड़े वाहन
रायपुर, 07 जुलाई। Raipur Petrol Pump : राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी की मिलावट के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है। पेट्रोल भरवाने के बाद कई वाहन चालकों ने शिकायत की कि उनकी गाड़ियां कुछ ही दूरी चलने के बाद बंद पड़ गईं। कुछ लोगों ने इंजन खराब होने का भी दावा किया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में नाराज ग्राहक पेट्रोल पंप पहुंचे और जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि खराब ईंधन की वजह से उनके वाहनों को नुकसान पहुंचा है। ग्राहकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पेट्रोल पंप से ईंधन के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पेट्रोल में वास्तव में पानी या किसी अन्य प्रकार की मिलावट थी या नहीं।
रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल मामले की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






