Korba News: राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में कोरबा का दमदार प्रदर्शन, स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा।Korba Shooting Competition  राजधानी रायपुर में भारतीय राइफल संघ के तत्वावधान एवं प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया। 9 जुलाई से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 21 जुलाई को संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।

 

कोरबा के खिलाड़ी एवं टीम कोच आकाश सराफ ने 50 मीटर 3 पोजीशन राइफल शूटिंग (मेंस) स्पर्धा में 523 अंक अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया।

प्रतियोगिता में जांजगीर जिले के यश पीटर आसना ने 50 मीटर राइफल शूटिंग प्रोन पोजीशन में कांस्य पदक जीता। वहीं 50 मीटर पीप साइट राइफल शूटिंग स्पर्धा में कोरबा के आकाश सराफ, अक्षय कुमार एंथोनी, कोविद कुमार निर्मलकर, जॉय जोएल लाल तथा यश आसना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्री नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह पक्की की।

टीम इवेंट में भी कोरबा ने शानदार प्रदर्शन किया। अक्षय कुमार एंथोनी, जॉय जोएल लाल और कोविद कुमार निर्मलकर की तिकड़ी ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर कोरबा जिले को तीसरा स्थान दिलाया।

इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता एवं टीम कोच आकाश सराफ को दिया। खिलाड़ियों ने कहा कि उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और लगातार अभ्यास के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने के साथ कई खिलाड़ियों का प्री नेशनल के लिए चयन होना कोरबा जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल जिले का गौरव बढ़ा है, बल्कि आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी कोरबा के खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Share This Article