
बेगूसराय। Rahul Gandhi: बिहार दौरे पर आए राहुल गांधी के बेगूसराय पहुंचने पर कांग्रेसियों ने उनका शानदार स्वागत किया। बेगूसराय पहुंचने के बाद राहुल ‘पलायन रोको-नौकरी दो’ पदयात्रा में कन्हैया कुमार के साथ शामिल हुए। राहुल गांधी के साथ इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Rahul Gandhi: करीब दो किलोमीटर की इस पदयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते दिखे। पदयात्रा में कांग्रेस के नेता कन्हैया कुमार, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के अलावा बड़ी संख्या में दूसरे नेता भी शामिल रहे। पदयात्रा में शामिल होने के बाद राहुल गांधी पटना के लिए रवाना हो गए।
Rahul Gandhi: राहुल गांधी का तीसरा दौरा
जनवरी के बाद से राहुल गांधी का तीसरा बिहार दौरा है। उन्होंने जनवरी में पार्टी कार्यकर्ताओं से इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को वैचारिक रूप से पराजित करने का आग्रह किया था। रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो संदेश साझा किया जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया था। राहुल गांधी के इस अपील का असर भी दिखा। बेगूसराय में ज्यादातर लोग राहुल को सपोर्ट करने के लिए सफेद रंग की टी-शर्ट में दिखे।
Rahul Gandhi: बिहार में विधानसभा चुनाव कुछ ही महीनों बाद होने हैं। इन चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल हैं। बेगूसराय कन्हैया कुमार का गृह जिला भी है। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था लेकिन, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।