Paddy Storage Scam : रिकॉर्ड में धान, गोदाम में गायब…! दुर्ग में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया…कलेक्टर का बड़ा एक्शन…4 दिन में पैसा जमा नहीं किया तो होगी FIR

News Power Zone
2 Min Read
Paddy Storage Scam

दुर्ग, 10 जून। Paddy Storage Scam : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सहकारी समितियों में धान भंडारण और परिवहन व्यवस्था में बड़ा घोटाला सामने आया है। प्रशासन द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में 68 समितियों में रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के बीच 27,900 क्विंटल धान का अंतर पाया गया है। इस गड़बड़ी की अनुमानित कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संबंधित समिति प्रभारियों को चार दिन के भीतर धान अथवा उसकी राशि जमा करने का अंतिम अवसर दिया है। तय समय में जवाब नहीं मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धमधा समिति में सबसे बड़ी गड़बड़ी

जांच में सबसे बड़ी अनियमितता धमधा सहकारी समिति में सामने आई, जहां 4,646 क्विंटल धान की कमी दर्ज की गई। वहीं जामगांव आर समिति में भी गंभीर गड़बड़ियां मिलने के बाद संबंधित प्रभारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

रिकॉर्ड और स्टॉक में भारी अंतर

प्रशासनिक जांच के मुताबिक धान उठाव, परिवहन और भंडारण प्रक्रिया में लापरवाही के साथ रिकॉर्ड संधारण में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। कई समितियों में दस्तावेजों और वास्तविक स्टॉक का मिलान नहीं हो सका। हालांकि ननकट्टी समिति के प्रभारी ने कमी की राशि जमा कर दी है, जिसके बाद प्रशासन ने अन्य समितियों को भी जल्द स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर की सख्त चेतावनी

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने साफ कहा है कि सरकारी धान की सुरक्षा और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन की कार्रवाई के बाद जिले की सहकारी समितियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं अन्य समितियों के रिकॉर्ड की भी गहन जांच जारी है।

Share This Article