NH Four Lane Project : NH-130 फोरलेन परियोजना को लेकर विभागीय समन्वय बैठक…! NHAI को एक माह में सर्वे पूरा करने के निर्देश

News Power Zone
2 Min Read
NH Four Lane Project

कोरबा, 16 जून। NH Four Lane Project : राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (कटघोरा से अंबिकापुर) फोरलेन उन्नयन परियोजना को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में विभागीय समन्वय एवं परामर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), तकनीकी डिजाइन, भू-अर्जन और आवश्यक अनुमतियों सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने मार्ग में आने वाले अंधे मोड़ों के सुधार के लिए तकनीकी मानकों के अनुरूप सड़क डिजाइन और लेआउट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को आगामी एक माह के भीतर संपूर्ण सर्वे कार्य पूरा करने के लिए कहा, ताकि परियोजना के अगले चरणों में तेजी लाई जा सके।

कलेक्टर ने राजस्व विभाग को भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) समय पर जारी करने के लिए कहा गया।

उन्होंने रेलवे, विद्युत वितरण कंपनी और अन्य संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया कि प्रस्तावित परियोजना के अनुरूप अपने-अपने विभागीय कार्यों की तैयारी सुनिश्चित करें तथा आवश्यक अनुमतियां और एनओसी समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराएं, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित एनएचएआई, रेलवे और विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासन का मानना है कि इस महत्वपूर्ण फोरलेन परियोजना के पूरा होने से कटघोरा से अंबिकापुर के बीच यातायात अधिक सुगम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

Share This Article