PM Kisan 23rd Installment : इस दिन किसानों के खातों में आएंगे ₹2000…! सरकार ने किया ऐलान…खरीफ सीजन से पहले किसानों को राहत

News Power Zone
3 Min Read
PM Kisan 23rd Installment

नई दिल्ली, 16 जून। PM Kisan 23rd Installment : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे।

पीएम किसान योजना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की गई है। सरकार के अनुसार, 23वीं किस्त की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे उन्हें खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहायता मिल सके।

जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से देशभर के किसानों के खातों में यह राशि जारी करेंगे। इससे पहले 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से योजना की 22वीं किस्त जारी की गई थी।

हर साल मिलते हैं 6000 रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि 2000-2000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

22 किस्तों में किसानों को मिला 4.28 लाख करोड़ रुपये

सरकार द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पीएम किसान योजना के तहत अब तक 22 किस्तों में किसानों के खातों में 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है। इस योजना का लाभ महिला किसानों को भी बड़े स्तर पर मिला है। अब तक 2.17 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया है और उनके खातों में 1.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि भेजी जा चुकी है।

खरीफ सीजन में मिलेगी राहत

विशेषज्ञों का मानना है कि खरीफ फसलों की बुवाई के समय जारी होने वाली यह किस्त किसानों के लिए काफी मददगार साबित होगी। इससे बीज, खाद और अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी। सरकार का दावा है कि पीएम किसान योजना किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Share This Article