BreakingFeaturedछत्तीसगढ़पुलिस

24 घंटे में लूट का खुलासा: बिलासपुर में ‘ऑपरेशन गोल्ड’ की गूंज, पुलिस–सराफा साथ आए

बिलासपुर 25 फरवरी 2026 । राजकिशोरनगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट और उसके बाद सामने आई आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर बुधवार को बिलासपुर में पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच अहम सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बिलासा गुड़ी के चेतना हॉल में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एसएसपी रजनेश सिंह ने की, जिसमें जिलेभर के सराफा व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

ऑपरेशन गोल्ड’ की 11 सदस्यीय टीम का सम्मान

बैठक से पहले प्रदेश सराफा संघ अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में उस विशेष पुलिस टीम का सम्मान किया गया, जिसने महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा महज 24 घंटे में कर अंतरराज्यीय गिरोह को दबोच लिया। ‘ऑपरेशन गोल्ड’ नाम से चलाए गए इस अभियान में शामिल 11 सदस्यीय टीम को आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह और एडिशनल एसपी पंकज पटेल की मौजूदगी में शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि जिले की अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटना को जिस तेजी और रणनीति के साथ सुलझाया गया, वह पुलिस की पेशेवर दक्षता का प्रमाण है। त्वरित गिरफ्तारी और लूटे गए माल की सुरक्षित बरामदगी से व्यापारियों का भरोसा फिर मजबूत हुआ है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग की भी सराहना की।

आम नागरिक भी पुलिस का हिस्सा” – आईजी

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का बारीकी से आकलन किया और टीम को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। समन्वित कार्रवाई का ही नतीजा रहा कि 24 घंटे के भीतर गिरोह गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, आम नागरिक भी इसका अहम हिस्सा हैं। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देना हर नागरिक का दायित्व है।

एसएसपी ने तय किए सख्त सुरक्षा मानक

एसएसपी रजनेश सिंह ने सराफा व्यापारियों को सुरक्षा से जुड़े विस्तृत मानक समझाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य होंगे। सोना-चांदी के आभूषणों के अनावश्यक आवागमन से बचने और दुकानों में सुरक्षित भंडारण की मजबूत व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने घोषणा की कि अप्रैल में सराफा संघ की सदस्यता नवीनीकरण प्रक्रिया होगी और जो व्यापारी सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनका नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।

मिर्जापुर तक पहुंची विशेष टीम

लूटकांड के तार दूसरे राज्यों से जुड़ने पर विशेष टीम मिर्जापुर तक पहुंची। इस अभियान में शामिल प्रमुख अधिकारी और जवान इस प्रकार हैं:
उप पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार
निरीक्षक किशोर केवट, थाना प्रभारी सिरगिट्टी
उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, थाना सरकंडा
प्रधान आरक्षक 277 बलबीर सिंह, थाना सरकंडा
प्रधान आरक्षक 303 अतीश पारीक, ACCU बिलासपुर
आरक्षक 1148 सरफराज खान, थाना तोरवा
आरक्षक 1124 आशीष राठौर, थाना सिविल लाइन
आरक्षक 487 वीरेंद्र गंधर्व, थाना पचपेड़ी
आरक्षक 1484 सत्य पाटले, थाना सरकंडा
आरक्षक 1170 वीरेंद्र साहू, थाना सरकंडा
खोखाली केवेंट

यह बैठक सिर्फ एक औपचारिक समीक्षा नहीं रही, बल्कि पुलिस और व्यापारियों के बीच भरोसे और साझेदारी को नई दिशा देने वाली पहल साबित हुई। हालिया घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की यह कोशिश जिले के लिए अहम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button