Korba Tower Incident : कोरबा में नशे में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा पति, 6 घंटे तक चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा, 12 सितंबर । Korba Tower Incident : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक शराब के नशे में करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में बैठा देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक समझाइश के बाद युवक आखिरकार सुरक्षित नीचे उतर आया। हालांकि, वह इतनी ऊंचाई पर क्यों चढ़ा, इसकी वजह सामने नहीं आ सकी है।

शराब के नशे में टॉवर के सबसे ऊपर पहुंचा युवक

युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय वह शराब के नशे में था। दोपहर के समय वह अचानक गांव के पास लगे करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया।

पत्नी और बच्चे नीचे से लगाते रहे आवाज

देव सिंह को टॉवर पर चढ़ता देख उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीणों ने नीचे से उसे उतरने के लिए समझाया। परिवार के लोग लगातार आवाज लगाते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। वह कभी ऊपर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता और फिर दोबारा ऊपर चढ़ जाता। लोगों ने उससे ऊपर चढ़ने की वजह भी पूछी, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और टॉवर पर ही बैठा रहा।

पुलिस और तहसीलदार ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन में हजारों वोल्ट का करंट प्रवाहित होने के कारण युवक की जान को बड़ा खतरा था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीम ने बेहद सावधानी बरतते हुए उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाइश दी।

6 घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरा युवक

करीब 6 घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवक आखिरकार नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। उसके सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल टॉवर पर चढ़ने के पीछे युवक की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

एक हफ्ते पहले बेमेतरा में भी हुआ था ऐसा मामला

छत्तीसगढ़ में इस तरह की यह घटना पहली नहीं है। करीब एक सप्ताह पहले बेमेतरा के नांदघाट थाना क्षेत्र में एक युवक पत्नी द्वारा शराब के लिए पैसे नहीं देने से नाराज होकर करीब 125 फीट ऊंचे BSNL टॉवर पर चढ़ गया था। पुलिस ने काफी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था। इससे पहले बिलासपुर और कोंडागांव से भी टॉवर पर चढ़ने की ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Share This Article