Korba Breaking: चौकी के बगल की सड़क बनी पार्किंग… अघोषित ऑटो स्टैंड से बढ़ी राहगीरों की मुश्किलें, क्या निगम आयुक्त दिला पाएंगे राहत?

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। Korba CSEB शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच सीएसईबी चौकी के बगल स्थित सड़क पर अघोषित ऑटो स्टैंड और अवैध पार्किंग ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जिस स्थान पर बसों के रुकने की व्यवस्था की गई थी, वहां अब दिनभर ऑटो और अन्य वाहन खड़े रहने से सड़क संकरी हो गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे वाहनों की मनमानी पार्किंग के कारण पैदल चलने वालों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त समय में यहां जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

हैरानी की बात यह है कि चौकी के ठीक बगल में यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक अघोषित ऑटो स्टैंड और सड़क पर हुए कब्जे को हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

नागरिकों ने नगर निगम और यातायात पुलिस से मांग की है कि सड़क को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु हो।

अब निगाहें नगर निगम आयुक्त और प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि सड़क पर हुए इस अघोषित कब्जे को हटाकर लोगों को राहत दिलाने के लिए कब तक कार्रवाई होती है।

Share This Article