कोरबा। Korba Rain कोरबा जिले में मानसून इस बार जमकर मेहरबान है। लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में 1 जून से अब तक 907.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में भी जिले में 39.4 मिलीमीटर औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार बारिश के चलते कई निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और कई स्थानों पर घरों में भी पानी घुसने की स्थिति बनी है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की कोरबा तहसील में सबसे अधिक 1191.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा दीपका में 1006.4, दर्री में 994.1, करतला में 931.8, भैंसमा में 920.2, पाली में 914.3, कटघोरा में 906.8, पोंड़ीउपरोड़ा में 902.4, बरपाली में 836, अजगरबहार में 806.8, पसान में 804.8 तथा हरदीबाजार तहसील में 673 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
कोरबा में सबसे ज्यादा बारिश, हरदीबाजार सबसे पीछे
आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक कोरबा तहसील बारिश के मामले में सबसे आगे है, जहां 1191.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं हरदीबाजार में सबसे कम 673 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। कुछ स्थानों पर पानी घरों तक पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क और नालियों में पानी भरने से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
प्रशासन की ओर से बारिश की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मौसम के लगातार सक्रिय रहने के कारण आने वाले दिनों में भी जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।












