कोरबा, 19 जुलाई। Korba Pride : शहर की होनहार बेटी राधा अग्रवाल ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी मद्रास के सिविल इंजीनियरिंग विभाग से अपनी पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर कोरबा ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से शहर में गर्व और खुशी का माहौल है।
17 जुलाई 2026 को आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में राधा अग्रवाल को वर्ल्ड बैंक के ग्लोबल एनवायरनमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. नागराजराव हर्षदीप के करकमलों से डिग्री प्रदान की गई। यह गौरवपूर्ण क्षण उनके माता-पिता राकेश नागरमल अग्रवाल सहित पूरे परिवार के लिए भावुक और अविस्मरणीय बन गया।
राधा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासित मेहनत और निरंतर प्रयास से हर सपना साकार किया जा सकता है। देश के शीर्ष तकनीकी संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कोरबा की नई पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।
राधा अग्रवाल की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, शुभचिंतकों और शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा से देश के अधोसंरचना विकास और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। कोरबा की इस बेटी की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी बड़े सपनों को साकार कर देश और समाज का गौरव बढ़ा सकती हैं।