
कोरबा। ForestDepartment मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना के तहत लगाए गए सैकड़ों पौधों को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम में एक भाजपा नेता समेत चार लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक और वनमंडलाधिकारी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता छेदूलाल कंवर निवासी महदावाड़ा, तहसील कटघोरा ने एसपी और वन विभाग को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी निजी भूमि पर मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना के तहत विभाग से 700 सागौन के पौधे प्राप्त हुए थे, जिनमें से 500 पौधों का रोपण किया जा चुका था।
आरोप है कि 15 जुलाई की दोपहर करीब 3:10 बजे गोवर्धन सिंह कंवर, महेंद्र सिंह कंवर, चित्रभवन सिंह कंवर और आनंद भुवन सिंह कंवर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और कथित रूप से पौधों को जुतवाकर उखाड़ दिया। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद ट्रैक्टर को मौके पर रुकवाया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि संबंधित भूमि पर किसी का अधिकार है तो उसके लिए वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी। सरकारी योजना के तहत लगाए गए पौधों को इस तरह नष्ट करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरण और शासन की योजना को भी नुकसान पहुंचाना है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना की भावना के विपरीत यह कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता ने ट्रैक्टर सीजी 12 बीटी 1533 को राजसात करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह शिकायतकर्ता के आवेदन में लगाए गए आरोप हैं। आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और वन विभाग की जांच तथा संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।




