Korba News: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को महापौर का बड़ा संबल, दादरखुर्द समिति को ₹3 लाख की सहायता… श्रद्धा के महापर्व को मिलेगा नया आयाम

Korba Jagannath Rath Yatra 2026 कोरबा, 15 जुलाई 2026। आस्था, परंपरा और जनसहभागिता के प्रतीक भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा को इस वर्ष नगर निगम कोरबा की ओर से और अधिक मजबूती मिली है। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द ग्राम विकास समिति को रथयात्रा के भव्य आयोजन के लिए 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए आरटीजीएस की प्रति समिति के पदाधिकारियों को सौंपी।
महापौर ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकता, भाईचारे और सेवा का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने समिति को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य और ऐतिहासिक होगा।
दादरखुर्द में हर वर्ष निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा कोरबा की धार्मिक पहचान बन चुकी है। इस आयोजन में जिले सहित दूर-दराज़ क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान के रथ के दर्शन करते हैं और पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। इस वर्ष 16 जुलाई को रथयात्रा का आयोजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया जाएगा।
इस बार श्रद्धालुओं के लिए एक और खुशी की बात यह रही कि महापौर संजूदेवी राजपूत की पहल पर नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल और सामान्य सभा ने रथयात्रा के लिए दी जाने वाली सहयोग राशि 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दी है। इससे आयोजन समिति को व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
साकेत स्थित नगर निगम मुख्य प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार द्विवेदी, आरिफ खान, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, संतोष थवाईत, नरेशराम पटेल, सबितराम पटेल, रामनाथ पटेल, शत्रुघ्न पटेल, राजकुमार पटेल, सूरज पटेल, नागेश्वर चंद्रा सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






