Korba Breaking: SECL गेवरा माइंस में डकैती का खुलासा… 3 गिरफ्तार, 4 बदमाश अब भी फरार, CISF जवान पर भी किया था जानलेवा हमला!

कोरबा। SECL Gevra Mines Loot Case Korba एसईसीएल (SECL) की गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई सनसनीखेज लूटकांड का दीपका पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वारदात के महज कुछ दिनों के भीतर पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
10-12 हथियारबंद बदमाशों ने रात में बोला था धावा
7 जुलाई की रात करीब 11 बजे गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में 10 से 12 नकाबपोश बदमाश अचानक घुस आए। बदमाशों ने ड्यूटी पर मौजूद एसईसीएल कर्मचारी जगन्नाथ पटेल को बंधक बनाकर उनका मोबाइल लूट लिया और ऑफिस में रखा कीमती तांबे का केबल वायर समेटने लगे।
CISF जवान पर हमला, महंगा मोबाइल भी लूटा
वारदात के दौरान जब सीआईएसएफ जवान मिथुन एम ने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। जवान के साथ मारपीट कर उनका Samsung S22 मोबाइल भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था।
दीपका पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपका पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
अरुण चौहान उर्फ ददू (23 वर्ष), ग्राम रालिया
सरजू प्रसाद चौहान (39 वर्ष), ग्राम रालिया
रोहित यादव (18 वर्ष), ग्राम रालिया
पूछताछ में तीनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर केबल बेचने से मिली नकदी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
4 आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
पुलिस के अनुसार इस लूटकांड में शामिल रोशन यादव, भानु विश्वकर्मा, किरण चौहान और भागवत कुशरे अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं लूटे गए मोबाइल फोन और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस संगठित गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।






