BreakingFeaturedकोरबासामाजिक

Korba News: रेत माफियाओं पर कलेक्टर का प्रहार, DMF कार्यालय ने शुरू की टोल-फ्री हेल्पलाइन सेवा

कोरबा। DMF हेल्पलाइन जिले में अवैध खनन और रेत माफियाओं पर शिकंजा कसने की दिशा में प्रशासन ने एक और बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर  कुणाल दुदावत की पहल पर जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) कार्यालय, कोरबा ने आम नागरिकों की शिकायतों और जानकारी के लिए समर्पित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1750 शुरू किया है।

प्रशासन का कहना है कि इस हेल्पलाइन के जरिए अब लोग घर बैठे ही खनिज संबंधी शिकायतें, अवैध उत्खनन की जानकारी, गुणवत्ता संबंधी शिकायतें और अन्य पूछताछ दर्ज करा सकेंगे। खास बात यह है कि कॉल पूरी तरह निःशुल्क होगी और शिकायतों की रिकॉर्डिंग व ट्रैकिंग भी की जाएगी, ताकि तय समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर की इस पहल को रेत माफियाओं पर प्रशासनिक प्रहार के रूप में भी देखा जा रहा है। लंबे समय से जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब आम नागरिक सीधे हेल्पलाइन पर सूचना देकर प्रशासन को कार्रवाई के लिए अलर्ट कर सकेंगे।

DMF कार्यालय के अनुसार, हेल्पलाइन सेवा कार्यालयीन समय में उपलब्ध रहेगी। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इससे सबसे ज्यादा फायदा होगा, क्योंकि उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालय तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
प्रशासन का मानना है कि यह व्यवस्था शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाएगी। साथ ही ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

नागरिक किसी भी मोबाइल या लैंडलाइन फोन से 1800-233-1750 डायल कर अपनी शिकायत, सुझाव या जानकारी दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध खनन या रेत परिवहन की जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि जिले में खनिज संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button