Korba News: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, खोवा-सॉल्ट के सैंपल जांच को भेजे; दूध और दाल निकले Substandard

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा।Korba News  रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ में चल रहे “बने खाबो–बने रिहबो 2.0” अभियान के तहत 17 से 23 अगस्त तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। हालांकि अभियान के दौरान लिए गए कुछ नमूनों की रिपोर्ट अब सामने आने लगी है, जिसमें दूध और दाल के नमूने Substandard पाए गए हैं।

 

रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य विभाग द्वारा महीने की शुरुआत से ही जिले के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी क्रम में खाद्य विभाग की टीम ने कोसाबाड़ी स्थित दुर्गा होटल से खोवा और शारदा जनरल स्टोर से सॉल्ट का नमूना लिया है। दोनों नमूनों को जांच के लिए रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अब इनकी रिपोर्ट का इंतजार है।

 

कई सैंपलों की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

 

वहीं पहले लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट में कुछ मामलों में गड़बड़ी सामने आई है। सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर और बुधवानी डिस्ट्रीब्यूटर से लिए गए मसूर पाक और नारियल लड्डू के संबंध में मिसब्रांडिंग का मामला सामने आया है।

 

इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट 100 बेड हॉस्पिटल से लिए गए दाल के नमूने की रिपोर्ट Substandard पाई गई है। इसी तरह दीपका स्थित अन्नपूर्णा डेयरी से लिए गए दूध के नमूने को भी जांच में Substandard पाया गया है।

 

रिपोर्ट के बाद अब न्यायालय में पहुंचेगा मामला

 

खाद्य विभाग के मुताबिक इन मामलों में आवश्यक विवेचना की जा रही है। विवेचना पूरी होने के बाद संबंधित मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। यानी त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग की निगरानी और सख्त होने वाली है।

 

रक्षाबंधन के मौके पर बाजार में खोवा, मिठाई, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य विभाग की सैंपलिंग और जांच से कारोबारियों में भी हड़कंप है। अब देखना होगा कि प्रयोगशाला की आगामी रिपोर्ट में कौन से और खाद्य पदार्थ जांच की कसौटी पर खरे उतरते हैं और किन पर कार्रवाई की गाज गिरती है।

Share This Article