बालोद, 26 अगस्त। CG Politics News : छत्तीसगढ़ के डौंडीलोहारा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग का बयान अब सियासी चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मंच से संबोधित करते हुए सांसद ने दावा किया कि उन्होंने पूजा-अर्चना के बाद नींबू काटा और इसके बाद बारिश रुक गई। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच ठहाके भी सुनाई दिए, वहीं वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर जमकर तंज कसा है।
CM विष्णुदेव साय की मौजूदगी में किया बारिश रोकने का दावा
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महतारी वंदन योजना की किस्त जारी करने के लिए डौंडीलोहारा पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग ने अपने संबोधन में बताया कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल जारी होने के बाद वह देर रात कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। उस समय मौसम खराब था और बारिश हो रही थी।
सांसद ने कहा कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव की प्रार्थना की और नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा हो गया है, इसलिए बारिश होना चाहे तो हो सकती है। सांसद के इस बयान के दौरान मंच पर बैठे जनप्रतिनिधि भी मुस्कुराते नजर आए और सभा में ठहाके गूंज उठे।
वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस ने साधा निशाना
भोजराज नाग के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सांसद पर निशाना साधा। बालोद जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने तंज कसते हुए कहा कि यदि सांसद के पास नींबू काटकर बारिश रोकने की शक्ति है, तो उन्हें इसी तरह नींबू काटकर शक्कर के बढ़ते दाम भी कम करवा देने चाहिए।
कांग्रेस बोली- महंगाई पर भी आजमा लें ‘नींबू वाला फॉर्मूला’
कांग्रेस नेता के बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी सांसद के दावे को लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कई यूजर्स ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक सकती है तो सांसद को महंगाई, गैस सिलेंडर के दाम और बिजली बिल जैसी समस्याओं पर भी यही ‘फॉर्मूला’ आजमाना चाहिए।
पहले भी ‘नींबू काटकर भूत उतारने’ वाला बयान आया था चर्चा में
भोजराज नाग इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। धमतरी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं को लेकर फोन नहीं उठाएंगे, उनका नींबू काटकर ‘भूत उतारेंगे’। उस बयान की भी काफी चर्चा हुई थी।
इसके अलावा एक ठेकेदार के साथ फोन पर कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा ऑडियो/वीडियो भी पहले सामने आ चुका है। अब बारिश रोकने को लेकर दिया गया उनका ताजा बयान एक बार फिर सोशल मीडिया और छत्तीसगढ़ की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।
‘नींबू काटकर रोकी बारिश’ के दावे पर सियासी घमासान
भोजराज नाग के इस बयान को लेकर जहां समर्थक इसे धार्मिक आस्था और उनके अनुभव से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे लेकर सवाल और तंज कस रहा है। फिलहाल ‘नींबू काटकर बारिश रोकने’ का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा बटोर रहा है और इस पर छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।












