कोरबा। थाना दीपका क्षेत्र के नगीनझोरखी गांव में युवती की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला प्रेम, धोखे और हत्या की दर्दनाक कहानी बनकर सामने आया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01 नगीनझोरखी निवासी रामकुमार साहु ने थाना दीपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जनवरी 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच उनकी 23 वर्षीय बेटी नम्रता साहु की किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर धारदार हथियार से चेहरे, गले और गर्दन पर जानलेवा हमला कर हत्या कर दी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना दीपका में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 103(1), 331(4), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरदीबाजार रोड स्थित बाघा बॉर्डर के पास घेराबंदी कर आरोपी राहुल जोगी पिता परसन जोगी उम्र 25 वर्ष निवासी बांधाखार थाना पाली को गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नम्रता साहु का प्रेमी था और 16 जनवरी की शाम उसे घर में अकेला पाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मेमोरण्डम पर घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



