Korba Breaking:प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक: कछार में रेत के अवैध कारोबार पर चला ‘हंटर’, चैन माउंट मशीन जब्त

News Power Zone
2 Min Read

​कोरबा Illegal Sand Mining Korba। जिले में खनिज संपदा की लूट करने वाले माफियाओं के खिलाफ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को जिला खनिज जांच दल ने तहसील अजगरबहार के ग्राम कछार में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन के खेल को उजागर किया। इस बड़ी कार्रवाई में टीम ने मौके से एक चैन माउंट मशीन को जब्त कर सील कर दिया है।

​सूचना मिलते ही घेराबंदी

​प्रशासन को काफी समय से कछार क्षेत्र में मशीनों के जरिए रेत के अवैध दोहन की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने गुप्त रणनीति के तहत छापेमारी की। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां उत्खनन कार्य जारी पाया गया। जांच दल ने बिना देरी किए मशीनरी को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

​पूरे जिले में अलर्ट, रुकने वाली नहीं कार्रवाई

​जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए कड़ा संदेश दिया है कि अवैध परिवहन और भंडारण करने वालों के दिन अब लद चुके हैं। कलेक्टर के आदेशानुसार खनिज विभाग की टीमें अब पूरे जिले में रैंडम निरीक्षण कर रही हैं।

​खनिज विभाग के उप संचालक पीके नायक ने कहा कि “हमारा अभियान केवल जब्ती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।”

​जनता बनेगी प्रशासन की ‘आंख’

​प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे मूकदर्शक न बनें। यदि आपके क्षेत्र में नदी किनारे या अन्य स्थानों पर अवैध उत्खनन हो रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

Share This Article