रायपुर

Bijapur Hostel Case : विधानसभा में गूंजा बीजापुर छात्रावास मामला…! सरकार ने गर्भवती छात्राओं की खबर को बताया फर्जी

शिक्षा मंत्री बोले- जांच में नहीं मिली पुष्टि, भ्रामक है खबर

रायपुर, 17 मार्च। Bijapur Hostel Case : बीजापुर जिले के पोटा केबिन छात्रावास में तीन छात्राओं के गर्भवती होने की खबर को लेकर राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए इसे भ्रामक और निराधार बताया है। शिक्षा विभाग द्वारा कराई गई जांच में इस तरह की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

शिक्षा मंत्री बोले- भ्रामक है खबर

विधानसभा में इस मुद्दे पर जवाब देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मामले की गहन जांच कराई गई है और सामने आई जानकारी तथ्यहीन पाई गई है। उन्होंने बताया कि जिन तीन छात्राओं का उल्लेख किया जा रहा है, उनमें से दो छात्राएं पोटा केबिन हाई स्कूल छात्रावास की निवासी ही नहीं हैं। वे स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय, गंगालूर में अध्ययनरत हैं और अपने घर से ही स्कूल आती-जाती हैं।

मंत्री ने आगे जानकारी दी कि तीसरी छात्रा पूर्व में पोटा केबिन छात्रावास में रह रही थी, लेकिन 18 अक्टूबर 2025 को दीपावली अवकाश के दौरान घर जाने के बाद वह वापस छात्रावास नहीं लौटी। बाद में 6 नवंबर 2025 को उसने आवेदन देकर घर से आना-जाना कर पढ़ाई जारी रखने की अनुमति ली, जिसके बाद से वह छात्रावास में नहीं रह रही है।

सरकार ने स्पष्ट किया कि छात्रा को छात्रावास से निष्कासित नहीं किया गया, बल्कि उसने स्वेच्छा से वहां रहना छोड़ा। मामले में संबंधित छात्राओं और उनके अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

इसी बीच, यह भी जानकारी सामने आई है कि इन तीन छात्राओं में से एक, जो 11वीं कक्षा की छात्रा थी, उसकी मृत्यु हो चुकी है। हालांकि, उसकी मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सरकार का कहना है कि इस पूरे मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और वास्तविक तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए जांच की गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि नहीं हुई।

Related Articles

Back to top button