Raigarh Double Murder : रायगढ़ में डबल मर्डर की सनसनी…! घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की अधजली लाश…हत्या के बाद शव जलाने की आशंका

News Power Zone
2 Min Read
Raigarh Double Murder
रायगढ़, 15 जुलाई। Raigarh Double Murder : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर बुजुर्ग दंपती के अधजले शव बरामद हुए। शुरुआती आशंका है कि पहले दोनों की हत्या की गई और उसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को जलाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा क्षेत्र के औरामुड़ा गांव निवासी मंगलूराम राठिया (65) अपनी पत्नी पुनई बाई राठिया के साथ धान की खेती के सिलसिले में क्रोंधा गांव आए हुए थे। मंगलवार रात दोनों अपने घर में मौजूद थे। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर के भीतर दोनों के अधजले शव देखे, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। ग्रामीणों का मानना है कि मामला बेहद संदिग्ध है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।

रायगढ़ में बढ़ते हत्या के मामले

गृह विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2026 के बीच रायपुर में सबसे अधिक 169 हत्याएं दर्ज हुईं। इसके बाद जशपुर और रायगढ़ में 114-114, दुर्ग और सरगुजा में 113-113, जबकि बिलासपुर में 109 हत्या के मामले सामने आए हैं।
Share This Article