
कोरबा। जिले के कोरकोमा क्षेत्र से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। उपार्जन केंद्र कुदमुरा समिति कोरकोमा में पदस्थ फड़ प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55) की बीती रात हाथी के हमले में मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे की है। राजेश कुमार सिंह मूल रूप से रजगामार के रहने वाले थे और आवासी सेवा समिति के सदस्य भी थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। हाथी के अचानक हमले में जहां राजेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात हाथियों का झुंड इलाके में घुस आया था। किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसने सीधे हमला कर दिया। CCTV फुटेज में हाथी की आहट, अफरा-तफरी और हमले का पूरा मंजर साफ देखा जा सकता है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास हाथियों की हलचल देखी जा रही थी। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही हाथी की निगरानी के लिए टीम तैनात कर दी गई है।एक जिम्मेदार कर्मचारी की इस तरह मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।



