Korba: चाकू से वार करने वाले 6 गिरफ्तार, हाई अलर्ट पर पुलिस

News Power Zone
2 Min Read
Oplus_131072

कोरबा। होली की रात सीतामढ़ी इमलीडुग्गू इलाके में हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके चलते सिटी कोतवाली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक होली के दौरान 4 से 5 नशे में धुत युवकों ने चाकू और सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड से हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया था। इस हमले में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आईं, जबकि धन सिंह और मोहन ठाकुर भी जख्मी हुए। घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा, राकेश सहित एक अन्य आरोपी को हिरासत में लिया है। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
इधर, बस्तीवासियों का आरोप है कि सीतामढ़ी क्षेत्र में लंबे समय से नशे का अवैध कारोबार चल रहा है, जिसके कारण आए दिन मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

Share This Article