रायपुर/कोरबा। Chhattisgarh Sports Conclave 2026 छत्तीसगढ़ में खेलों को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में आयोजित होने जा रहे छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी की सहभागिता प्रदेश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय द्वारा 28 जुलाई को रायपुर स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित इस प्रतिष्ठित कॉन्क्लेव में उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय की संचालक आईएएस तनुजा सलाम द्वारा भेजे गए आधिकारिक आमंत्रण में अनिल द्विवेदी को राज्य में ताइक्वांडो के विकास और खेल क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए आमंत्रित किया गया है।
अनिल द्विवेदी ने कहा कि यह कॉन्क्लेव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के खेल भविष्य की नई दिशा तय करने वाला मंच है। उन्होंने बताया कि वे ताइक्वांडो सहित अन्य खेलों के विकास, खिलाड़ियों के हित, आधुनिक खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षकों के सशक्तिकरण और बेहतर खेल प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार, खेल संघ, प्रशिक्षक और खिलाड़ी एक साझा लक्ष्य के साथ कार्य करें तो छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में नई पहचान बना सकता है। ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई खेल नीतियों और नवाचारों को भी गति देंगे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 में देशभर के नामचीन खिलाड़ी, खेल प्रशासक, नीति निर्माता, खेल वैज्ञानिक, प्रशिक्षक और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी की भागीदारी न केवल ताइक्वांडो खेल बल्कि पूरे प्रदेश के खेल जगत के लिए सम्मान और गौरव का विषय मानी जा रही है।






