
कोरबा। Korba Illegal Sand Mining जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ खनिज विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टीपर सहित 2 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इसके साथ ही तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित 1620 घन मीटर रेत को भी जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के कई संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बालको, कसनिया और कटघोरा सहित अनेक स्थानों पर सघन जांच की गई।
जांच के दौरान बरमपुर, राताखार और कसनिया क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए एक टीपर और दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहनों को सर्वमंगला चौकी, रामपुर थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
वहीं कछार क्षेत्र में 600 घन मीटर और 720 घन मीटर के दो अवैध रेत भंडारण तथा सोनपुरी में 300 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पकड़ा गया। इस तरह कुल 1620 घन मीटर अवैध रेत पर विभाग ने कब्जा करते हुए उसे जब्त कर लिया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, शासकीय राजस्व की रक्षा तथा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






