
कोरबा। Korba illegal mining action जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर ताबड़तोड़ शिकंजा कसा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में 3 जेसीबी मशीनें और 16 ट्रैक्टर जप्त किए गए हैं। कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिलेभर में उड़नदस्ता टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान रेत, गिट्टी और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों को मौके पर पकड़कर जप्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक डौका गुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर तथा आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर पकड़ा गया। वहीं ग्राम बिंझरा में अवैध मिट्टी उत्खनन करते हुए 2 जेसीबी मशीनें जप्त की गईं। पौड़ी क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते 4 ट्रैक्टर और डुमरकछार से मिट्टी खनन में लगे 2 ट्रैक्टर एवं 1 जेसीबी पर भी कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार विभिन्न पुलिस थानों और खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा है। पूरी कार्रवाई उड़नदस्ता दल प्रभारी खनि निरीक्षक मदन साहू और सुभाष ठाकुर की टीम द्वारा अंजाम दी गई।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि खनिज संसाधनों की लूट पर रोक लगाई जा सके और राजस्व नुकसान को बचाया जा सके।



