कांकेर

Counterfeit Currency Racket : कांकेर में जाली नोट छापने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा…! लाखों की Fake Currency बरामद…एक आरोपी गिरफ्तार

बाजार में खपाने की थी तैयारी

कांकेर, 15 मई। Counterfeit Currency Racket : जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 लाख 54 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के बड़े संख्या में नकली नोट बरामद हुए।

आरोपी का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट छाप रहा था। उसने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसे कमाने के लिए इस अवैध धंधे में उतर गया। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर नकली नोट बनाने वाले प्रिंटर समेत अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए हैं।

SP का बयान

कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि कोतवाली और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में सक्रिय काउंटरफिट करेंसी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी 500 रुपये के नोट प्रिंटर से तैयार कर रहा था। वह नोटों को आंशिक रूप से प्रिंट करके रखता था और सिक्योरिटी थ्रेड जैसी सुरक्षा विशेषताओं को भी कॉपी करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई बड़ा गिरोह शामिल है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह नकली नोटों को कहां और किस माध्यम से खपाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button