कोरबा, 05 सितंबर। Korba : ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने कोरबा में व्यापक नेत्र जांच अभियान चलाया। कोरबा पॉवर लिमिटेड, पताड़ी के सहयोग से आयोजित इस अभियान के तहत महज डेढ़ महीने में 25 गांवों में 35 नेत्र जांच शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कुल 3,005 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिससे ग्रामीणों को अपने गांव और आसपास ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधा मिल सकी।
35 शिविरों में 3 हजार से ज्यादा लोगों की जांच
यह आई कैंप ड्राइव 13 जुलाई से 26 अगस्त 2026 तक आयोजित की गई। इस दौरान 1,745 पुरुषों और 1,260 महिलाओं ने नेत्र जांच कराई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों को समय पर आंखों की जांच और जरूरी उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उन्हें दूर के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

2,303 लोगों को मिले चश्मे, 498 मरीज रेफर
नेत्र जांच के दौरान जरूरतमंद लोगों को 2,303 चश्मे नि:शुल्क वितरित किए गए। इनमें 1,374 चश्मे पुरुषों और 929 चश्मे महिलाओं को दिए गए। वहीं, जांच में सामने आए 498 मामलों को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया, जिनमें 268 पुरुष और 230 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 203 मामले सामान्य पाए गए।
ग्रामीणों को समय पर जांच और इलाज की सुविधा
अभियान के जरिए ग्रामीणों को आंखों की नियमित जांच के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरतमंद लोगों को चश्मे और आगे के उपचार की सुविधा से जोड़ा गया। अदाणी फाउंडेशन का जोर स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण समुदायों के करीब पहुंचाने और आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान करने पर रहा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के लिए जारी हैं प्रयास
अदाणी फाउंडेशन द्वारा कोरबा पॉवर लिमिटेड के सामाजिक सरोकारों के तहत आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पहलों का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने में सहयोग करना है।













