कोरबा

Keaswahalal Mehta Cricket : कोरबा में स्व. केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता की गूंज…! NTPC, अधिवक्ता 11 और कमिश्नर 11 ने जीते मुकाबले

गोपाल मोदी ने की सराहना

कोरबा, 20 फरवरी। Keaswahalal Mehta Cricket : प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित स्व. केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चतुर्थ दिवस गुरुवार को तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी उल्लेखनीय रही। पहला मुकाबला कोरबा प्रेस क्लब और अधिवक्ता 11 के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि स्टेट बार के मेंबर रविंद्र पाराशर रहे। विशिष्ट अतिथियों में मनीष शर्मा, गणेश कुलदीप, अब्दुल रहमान, विकास जोशी, किशोर शर्मा, जयप्रकाश टमकोरिया और विश्वनाथ केडिया उपस्थित रहे। कोरबा प्रेस क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 94 रन बनाए। जवाब में अधिवक्ता 11 ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला एनटीपीसी और एसईसीएल कुसमुंडा के बीच हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी रहे। उन्होंने स्व. केशवलाल मेहता को याद करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता अब केवल कोरबा तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसकी गूंज प्रदेशभर में सुनाई देती है, यहां तक कि राजधानी में भी इसकी चर्चा होती है। एनटीपीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 143 रन बनाए। एसईसीएल कुसमुंडा की टीम 5 विकेट पर 92 रन ही बना सकी और एनटीपीसी ने 51 रन से मुकाबला जीत लिया। अंतिम मुकाबला अदानी पावर और कमिश्नर 11 के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय तथा अपर आयुक्त विनय मिश्रा रहे। आयुक्त पांडेय ने कहा कि 22 वर्षों से लगातार इस आयोजन को सफलतापूर्वक कराना प्रेस क्लब की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। अदानी पावर ने 9 विकेट पर 58 रन बनाए। कमिश्नर 11 ने 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर 8 विकेट से जीत दर्ज की। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार, अधिवक्तागण और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मैचों में अंपायरिंग आरडी महंत, बलवीर सिंह सोढी, मानस और रामदास महंत ने की।

शोक में आयोजित हुआ कार्यक्रम

प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य श्रवण साहू के निधन के कारण प्रतियोगिता शोकाकुल वातावरण में आयोजित की गई। सभी मुकाबलों के दौरान साउंड सिस्टम बंद रखे गए। उपस्थित अतिथियों ने स्वर्गीय साहू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button