कांकेर, 30 अप्रैल। Kanker Naxal Operation : जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल क्षेत्र से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27-28 अप्रैल 2026 को थाना आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर एवं ताड़ोकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बड़ेधौसा, मानकोट, उपरकोटगांव और जिवलामारी के जंगल-पहाड़ी इलाकों में डीआरजी, जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।
संयुक्त सर्च ऑपरेशन में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 7 नग प्रेशर कुकर आईईडी (प्रत्येक लगभग 5 किलो), 2 नग पाइप बम, 1 नग कोडेक्स वायर, 3 बंडल वर्दी कपड़ा और 7 बंडल इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की। बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के निर्देशन में की गई। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) गिरिजा शंकर साव, उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी) अविनाश कुमार ठाकुर, डीआरजी कमांडर बलराम उसेंडी, चंद्रशेखर ठाकुर सहित डीआरजी, जिला पुलिस बल और बीएसएफ के जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान (Kanker Naxal Operation) लगातार जारी है और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन कार्रवाई की जा रही है। कांकेर पुलिस ने नक्सल संगठन से जुड़े सक्रिय एवं भटके हुए सदस्यों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और मुख्यधारा में शामिल होकर सम्मानजनक जीवन जिएं।


