JP Nadda Poster Controversy : कोरबा में ‘फोटो पॉलिटिक्स’ पर सियासी बवाल…! BJP के बर्थडे पोस्टर से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष गायब…उठने लगे सवाल

News Power Zone
2 Min Read
JP Nadda Poster Controversy

कोरबा, 15 जून। JP Nadda Poster Controversy : राजनीति में तस्वीरें केवल चेहरे नहीं होतीं, बल्कि कई बार बड़े राजनीतिक संदेश भी देती हैं। कोरबा में भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा के जन्मदिन पर लगाए गए बधाई विज्ञापन इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वजह है पोस्टर में दिखाई गई एक तस्वीर, जिसने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक चौपाल तक बहस छेड़ दी है।

नितिन नबीन की जगह जेपी नड्डा की तस्वीर

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बदलाव होने के बाद भी विकास झा के जन्मदिन के पोस्टर में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तस्वीर नजर नहीं आई। उनकी जगह पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीर प्रमुखता से प्रकाशित की गई है। पोस्टर सामने आते ही राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

राजनीतिक जानकार इसे केवल तकनीकी या डिजाइन संबंधी चूक मानने को तैयार नहीं हैं। कुछ इसे पुराने नेतृत्व के प्रति निष्ठा का संकेत मान रहे हैं, तो कुछ संगठनात्मक बदलावों की जानकारी और समन्वय की कमी बता रहे हैं। वहीं विपक्षी दलों को भी भाजपा पर तंज कसने का नया मौका मिल गया है।

सोशल मीडिया पर भी पोस्टर को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार संभालने के बाद भी पोस्टर में पुरानी तस्वीर क्यों इस्तेमाल की गई। वहीं कुछ लोग इसे महज पुराने डिजाइन के इस्तेमाल की भूल बता रहे हैं।

फिलहाल, इस मामले पर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन कोरबा की राजनीति में यह “फोटो पॉलिटिक्स” चर्चा का नया केंद्र बन गई है। राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल गूंज रहा है कि यह सिर्फ एक पोस्टर की गलती थी या फिर इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश छिपा है। एक बात तो तय है कि इस बार विकास झा के जन्मदिन से ज्यादा सुर्खियां उनके बधाई पोस्टर बटोर रहे हैं।

Share This Article