रायपुर, 24 अगस्त। Journalism Awards 2026 : छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग ने वर्ष 2026 के लिए चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार और मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां और प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। उत्कृष्ट पत्रकारिता, रचनात्मक लेखन और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, समृद्धि एवं विकास से संबंधित बेहतरीन रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार इन पुरस्कारों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन या प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तारीख 8 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
चार पत्रकारों को मिलेगा सम्मान
दोनों स्मृति पत्रकारिता पुरस्कारों के तहत कुल चार पत्रकारों का चयन किया जाएगा। इनमें दो पुरस्कार प्रिंट मीडिया और दो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होंगे। चयनित पत्रकारों को 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार
इस पुरस्कार के तहत दो पत्रकारों का चयन किया जाएगा। इनमें एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया और दूसरा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार के लिए हिंदी या छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रकाशित अथवा प्रसारित उत्कृष्ट सामग्री पर विचार किया जाएगा। प्रिंट मीडिया के लिए राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए राष्ट्रीय या राज्य स्तर के हिंदी/छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम पात्र होंगे। सामग्री का विषय छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित होना जरूरी है।
मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार
मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत भी दो पत्रकारों का चयन किया जाएगा। इसमें एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया और दूसरा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। इस पुरस्कार के लिए अंग्रेजी भाषा में प्रकाशित उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के अंग्रेजी कार्यक्रमों को शामिल किया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए भी सामग्री का छत्तीसगढ़ से संबंधित होना आवश्यक है।
कौन कर सकता है आवेदन?
पुरस्कार के लिए पत्रकार स्वयं प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा किसी योग्य पत्रकार के लिए प्रस्ताव भी भेजा जा सकता है। प्रस्तावक के रूप में पंजीकृत समाचार पत्र-पत्रिका, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, संपादकीय प्रमुख अथवा छत्तीसगढ़/भारत का कोई भी अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकता है।
एक प्रकाशित या प्रसारित सामग्री की छह प्रतियां जरूरी
पुरस्कार के लिए प्रविष्टि या प्रस्ताव के साथ विचारार्थ किसी एक प्रकाशित अथवा प्रसारित सामग्री की सत्यापित कतरन/सीडी/डीवीडी की छह प्रतियां आवेदन के साथ संलग्न करनी होंगी। आवेदक या प्रस्तावक को यह प्रमाण पत्र भी देना होगा कि पुरस्कार के लिए प्रस्तुत किए गए तथ्य वास्तविक हैं। वर्ष 2026 के पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां/प्रस्ताव 31 अगस्त 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच किए गए रचनात्मक लेखन या रिपोर्टिंग से संबंधित होने चाहिए।
8 सितंबर तक भेजें आवेदन
प्रविष्टि या प्रस्ताव 8 सितंबर 2026 तक पंजीकृत डाक के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में भेजा जा सकता है।
पता:
संचालक, जनसंपर्क संचालनालय,
भूतल, इंद्रावती भवन,
नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर, छत्तीसगढ़ – 492002
आवेदन सीलबंद लिफाफे में भेजना होगा।
लिफाफे के ऊपर संबंधित पुरस्कार का नाम स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य है:
- “चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2026”
- “मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2026”
देरी से मिली प्रविष्टि पर नहीं होगा विचार
जनसंपर्क विभाग के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली प्रविष्टियों या प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा। डाक में होने वाली देरी के लिए जनसंपर्क संचालनालय जिम्मेदार नहीं होगा। पुरस्कार के नियम और आवेदन का निर्धारित प्रारूप जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट dpreg.gov.in पर उपलब्ध कराया गया है।












