Time Limit Meeting : कलेक्टर ने की बैठक में समयबद्धता और प्रमुख योजनाओं की समीक्षा…! पीएमओ–सीएम जनदर्शन के लंबित मामलों पर सख्त निर्देश
सियान जतन शिविर से वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर फोकस
कोरबा, 06 जनवरी। Time Limit Meeting : कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले की फ्लैगशिप योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग तथा कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित मामलों पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार सभी विभागों में आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम में अनिवार्य रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी सुबह 10 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर अटेंडेंस दर्ज कराएँ। विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तकनीकी समस्या होने पर एनआईसी से समन्वय कर निराकरण करने तथा विलंब से आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्यवाही करने की चेतावनी भी दी गई।
पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से पूर्ण दस्तावेजों के साथ पीडीएफ प्रारूप में प्रेषित की जाएँ। अपूर्ण फाइल भेजने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की चेतावनी दी गई।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सियान जतन दिवस के अंतर्गत नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों की शुगर, बीपी, हाइपरटेंशन सहित अन्य आवश्यक जाँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविरों में पर्याप्त चिकित्सकीय अमले की तैनाती करने को भी कहा गया।
किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि तहसीलदार, पटवारी एवं समितियों के माध्यम से रकबा संशोधन एवं अन्य त्रुटियों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि मूल किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में पसान में पीएचसी के पास स्वीकृत भवन निर्माण कार्य में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी को दो दिवस के भीतर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर अनुबंध समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए जनपद स्तर पर बैठक आयोजित कर सरपंचों एवं सचिवों के माध्यम से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने इस माह के भीतर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आवारा पशु व कुत्तों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
इसके अलावा कलेक्टर ने कोषालय अधिकारी को बंद हो चुकी योजनाओं के बैंक खातों को बंद कर इस माह तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार आवारा पशुओं एवं आवारा कुत्तों के रहवास, टीकाकरण, नसबंदी, सुरक्षा एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों एवं खेल परिसरों में बाउंड्रीवाल अथवा फेंसिंग लगाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को अहाताविहीन विद्यालयों की जानकारी, स्कूली विद्यार्थियों का आधार आईडी पूर्ण कराने, मिड-डे मील की ऑनलाइन प्रविष्टि तथा विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट हेतु शिविर आयोजित करने का शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएमएफ अंतर्गत कार्यों की मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने, डीएमएफ कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान, युक्तियुक्तकरण के तहत जॉइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्यवाही तथा गणतंत्र दिवस के गरिमामय आयोजन की तैयारियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएफओ श्री निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



