Big Robbery : जांजगीर-चांपा में दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये की लूट…! आरोपियों का CCTV फुटेज आया सामने…पुलिस ने शुरू की जांच

News Power Zone
3 Min Read
Big Robbery

जांजगीर-चांपा, 13 फरवरी। Big Robbery : जांजगीर-चांपा जिले में आज दोपहर के समय एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई, जिसमें दो अज्ञात युवकों ने ढाई लाख रुपये से भरा थैला छीन लिया। यह घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम राहौद में घटित हुई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम राहौद निवासी गोपेश्वर कुमार पटेल ने कुछ घरेलू कार्य के लिए उधार में ढाई लाख रुपये की रकम श्याम चंदेल से मांगी थी, जिसे श्याम चंदेल ने एसबीआई बैंक का चेक जारी करके उसे दी। गोपेश्वर कुमार ने पामगढ़ स्थित एसबीआई बैंक से यह रकम प्राप्त की और बैंक से लौटते समय उसकी मुलाकात अपने परिचित मिथिलेश से हुई। मिथिलेश के साथ वह ग्राम राहौद वापस लौट रहा था और बैंक से प्राप्त नगदी को साइकिल के हैंडल में टांगे हुए घर की ओर जा रहा था।

बैंक से नगदी निकालने के बाद लूट

इसी दौरान, रास्ते में तालाब के पास दो अज्ञात युवकों ने उसकी साइकिल रोककर अचानक उसकी थैली छीनने की कोशिश की। दोनों आरोपियों ने गोपेश्वर कुमार को धक्का-मुक्की करते हुए थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना को इतना अचानक किया गया कि पीड़ित संभल भी नहीं पाया और आरोपी थैला लेकर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, शाम तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की, जिसमें महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले बैंक में जाकर गोपेश्वर कुमार की रैकी की थी और उसकी रकम का आहरण होते देख उसे सुनसान स्थान पर अकेला पाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने इस लूट के मामले में शामिल आरोपियों की फोटो भी जारी की है और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Share This Article