IPL Betting Racket Busted : कोरबा पुलिस की रेड…! ₹72 हजार के साथ आरोपी पकड़ा गया
'सजग कोरबा' अभियान में बड़ी सफलता
कोरबा, 14 अप्रैल। IPL Betting Racket Busted : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने आईपीएल मैच पर चल रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। ‘सजग कोरबा सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को 13 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल और खिला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ‘खेलो बाज़ी बुक’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों पर सट्टा लगा रहे थे। पुलिस को आईडी में भारी लेन-देन के साथ ₹72,020 का बैलेंस भी मिला है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जशवीर राना (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी निखिल राजपूत फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6(क) और 7(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा या साइबर अपराध की सूचना तुरंत दें।



