कोरबा

Urban Development : दर्री जोन के 8 वार्डों को 2.42 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात…! उद्योग मंत्री देवांगन ने किया 2 करोड़ 42 लाख के कार्यों का भूमिपूजन

अटल जयंती पर दर्री जोन को मिला विकास का तोहफा

कोरबा, 25 दिसंबर। Urban Development : नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत 8 वार्डों को आज कुल 2 करोड़ 42 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में कलमीडुग्गू, अयोध्यापुरी एवं लारीपारा-जमनीपाली में पृथक-पृथक आयोजित कार्यक्रमों के दौरान इन कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन के दौरान उद्योग मंत्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

इन प्रमुख कार्यों का हुआ भूमिपूजन

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा दर्री जोन में विभिन्न वार्डों में बाजार उन्नयन, स्कूलों में अहाता निर्माण, आरसीसी सड़क व नाली निर्माण, तालाब जल संवर्धन, सामुदायिक भवन, नवीन स्कूल भवन, शेड निर्माण, सीसी रोड, कलवर्ट एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कोरबा के विकास को मिली तेज़ गति

उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ कोरबा के विकास को भी तेज गति मिली है। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में बीते दो वर्षों में लगभग 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें कई पूर्ण हो चुके हैं और शेष प्रगतिरत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकास की सही दिशा मिल रही है और कोरबा के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

जनताजनार्दन का भरोसा नहीं टूटेगा : महापौर

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा की जनता ने जो भरोसा विधायक एवं महापौर के रूप में हम पर जताया है, वह कभी नहीं टूटेगा। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव एवं उद्योग मंत्री देवांगन का आभार व्यक्त किया।

अयोध्यापुरी में 40 लाख का सामुदायिक भवन

स्थानीय पार्षदों व नागरिकों की मांग पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने अयोध्यापुरी में 40 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की, जिससे आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिलेगी।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद

भूमिपूजन कार्यक्रमों में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम के जोन कमिश्नर, अभियंता, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इन विकास कार्यों से दर्री जोन के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button