Income Tax Raid : इनकम टैक्स की टीम शादी का कार्ड लगा गाड़ियों में BSP MLA उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर पहुंची…संपत्तियों की सघन जांच…परिवार के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे

News Power Zone
2 Min Read
Income Tax Raid

एनपीजेड डेस्क, 25 फरवरी। Income Tax Raid : उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के दिग्गज नेता और रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह के आवासों और दफ्तरों पर बुधवार सुबह आयकर विभाग (IT) ने बड़ी छापेमारी की।

शादी का कार्ड लगा गाड़ियों से पहुंची टीम

आयकर विभाग की टीमों ने लखनऊ (गोमतीनगर), बलिया (रसड़ा) और सोनभद्र (ओबरा) स्थित उनके ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में 60 से अधिक अधिकारी और 25 गाड़ियों का काफिला शामिल था। गोपनीयता बनाए रखने के लिए अधिकारी लग्जरी गाड़ियों पर शादी के कार्ड लगाकर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर आवासों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

सूत्रों के अनुसार, उमाशंकर सिंह वर्तमान में कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित अपने आवास पर आइसोलेशन में हैं। इसके बावजूद IT टीम ने उनके दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और बैंक रिकॉर्ड्स की सघन जांच की। उनके साथ पत्नी पुष्पा सिंह और बच्चों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का भी ब्योरा खंगाला जा रहा है।

जांच की पृष्ठभूमि

करीब 11 महीने पहले सतर्कता विभाग ने उमाशंकर सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू की थी। विभाग ने प्रयागराज और वाराणसी के रजिस्ट्रेशन ऑफिस से उनके जमीन, मकान, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों का रिकॉर्ड मांगा था।विधायक की कंपनी ‘छात्र शक्ति कन्स्ट्रक्शन्स’ सड़क निर्माण और माइनिंग के क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट करती है।

सोनभद्र में व्यापारियों पर भी रेड

सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र में आधा दर्जन माइनिंग सेक्टर से जुड़े व्यापारियों के यहां भी छापेमारी की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई खनन और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से संबंधित हो सकती है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश में राजनीतिक और व्यावसायिक समुदाय में चर्चा का विषय बनी हुई है। जांच के परिणाम और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।

Share This Article