Fire Incident : रायपुर में भीषण आग…! थाने के सामने स्थित ऑटोमोबाइल शोरूम धू-धू कर जला…VIDEO

News Power Zone
2 Min Read
Fire Incident
रायपुर, 11 जून। Fire Incident : राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शामिल एमजी रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑटोमोबाइल शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा थाना क्षेत्र में स्थित जया ऑटोमोबाइल में आग लगने की घटना सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि यह प्रतिष्ठान मौदहापारा थाने के ठीक सामने स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

दूर-दूर तक दिखाई दिया धुआं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया। आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

4 से 5 दमकल वाहन मौके पर

आग की गंभीरता को देखते हुए चार से पांच दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया गया।

यातायात भी हुआ प्रभावित

घटना के कारण एमजी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की और क्षेत्र में आवाजाही को नियंत्रित किया।

राहत की खबर

फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग पर नियंत्रण पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
Share This Article