Fertilizer Black Marketing : छत्तीसगढ़ में खाद की कालाबाजारी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई…! 275 बोरी यूरिया जब्त
गुणवत्ता की भी होगी जांच
रायपुर, 04 जुलाई। Fertilizer Black Marketing : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत बेमेतरा जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 बोरी यूरिया जब्त की है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक मोरध्वज डडसेना के मार्गदर्शन में गठित उड़नदस्ता दल ने ग्राम जानो (तहसील देवकर) में गोपनीय सूचना के आधार पर छापा मारा। जांच के दौरान अँजोर वर्मा के परिसर में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 का उल्लंघन करते हुए 275 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया।
प्रशासन ने मौके पर पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया और संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गुणवत्ता की भी होगी जांच
कृषि विभाग ने जब्त किए गए उर्वरकों के नमूने अधिकृत प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसानों तक केवल मानक गुणवत्ता वाले उर्वरक ही पहुंचें।
सरकार की दो टूक चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषी पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कर मामला न्यायालय में भी पेश किया जाएगा।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में कृत्रिम खाद संकट पैदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।






