फतेहपुर, 06 सितंबर। Fatehpur Crime : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने पहले अपने बड़े साले की हत्या कर उसका शव नहर में फेंका और इसके बाद रात में ससुराल पहुंचकर सो रहे परिवार के लोगों पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई के दौरान मौत हो गई।
शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने साले को ले गया था आरोपी
मामला ओंग थाना क्षेत्र के आशापुर गांव निवासी पवन कुमार से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे पवन अपने बड़े साले 55 वर्षीय राजू को उसके बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। कुछ घंटे बाद वह अकेला ससुराल वापस लौटा।
जब राजू के बेटों ने अपने पिता के बारे में पूछा तो पवन ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उसने परिवार से कहा कि राजू गांव में ही हैं और अगले दिन सभी लोग लड़की देखने जाएंगे। इसके बाद उसने परिवार के साथ खाना खाया और सोने चला गया।
आधी रात को तलवार लेकर सो रहे परिवार पर हमला
पुलिस के मुताबिक, रात करीब दो बजे पवन ने अचानक तलवार उठाई और सो रहे राजू के तीन बेटों पर हमला कर दिया। हमले में 20 वर्षीय गोरे, 23 वर्षीय प्रदीप और 25 वर्षीय खाटू उर्फ राजकरन घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर राजू का छोटा भाई 40 वर्षीय राजेश और उसकी 37 वर्षीय पत्नी बुद्धा भी बाहर आए। आरोप है कि पवन ने उन दोनों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा, पिटाई के दौरान मौत
वारदात की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी पवन को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस के मुताबिक, मारपीट के दौरान पवन की मौत हो गई। तलवार के हमले में घायल पांचों लोगों को गंभीर हालत में इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
नहर से बरामद हुआ लापता राजू का शव
इसी बीच पुलिस ने लापता चल रहे राजू का शव कल्याणपुर थाना क्षेत्र की मुरादीपुर नहर से बरामद किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजू की हत्या के बाद शव नहर में फेंका गया था। सीओ बिंदकी प्रियांक जैन ने बताया कि राजू का शव मुरादीपुर नहर में मिला है। शव के गले और हाथ पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
अब पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच का अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि पवन ने अपने बड़े साले राजू की हत्या क्यों की और इसके बाद उसने ससुराल में सो रहे परिवार के सदस्यों पर हमला क्यों किया।पुलिस राजू की हत्या, शव को नहर में फेंके जाने, ससुराल में हुए तलवार हमले और ग्रामीणों की पिटाई में पवन की मौत—इन सभी घटनाओं को एक साथ जोड़कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।












