Korba: आशीर्वाद भवन का बकाया पहुंचा 59 लाख… निगम ने थमाया नोटिस, सात दिन में जमा न करने पर आबंटन होगा निरस्त

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। नगर पालिक निगम ने पं. दीनदयाल उपाध्याय सांस्कृतिक भवन के लीजधारी राकेश कुमार, पिता मनोहर लाल, प्रोपराइटर आशीर्वाद टेंट हाउस को बड़ा नोटिस थमा दिया है। निगम का कहना है कि तय शर्तों के मुताबिक कई बार याद दिलाने के बाद भी भवन का किराया जमा नहीं किया गया। यह आबंटन शर्त क्रमांक 24 का साफ उल्लंघन माना गया है।

जारी नोटिस के मुताबिक भवन का पिछला बकाया किराया 39,95,956 रुपए है। इसके अलावा अप्रैल 2025 से नवंबर 2025 तक का 10,14,032 रुपए जोड़ें तो कुल बकाया राशि 50,09,988 रुपए बनती है। इस पर 18 प्रतिशत जीएसटी 9,01,798 रुपए जोड़कर कुल देनदारी 59,11,786 रुपए खड़ी हो गई है। लंबित अवधि का विलंब शुल्क अलग से देना होगा।

निगम ने लीजधारी को नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर पूरी राशि निगम कोष में जमा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि समय सीमा बीतने पर बिना किसी अतिरिक्त सूचना के पंजीकृत आबंटन निरस्त कर दिया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी लीजधारी पर ही होगी।

निगम का यह नोटिस सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि लीजधारी अगला कदम क्या उठाते हैं।

Share This Article