बिलासपुर, 30 अगस्त। Bilaspur Crime News : सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी निवासी नीलम की शादी दिसंबर 2024 में रांक कौड़िया निवासी बलराम प्रजापति (25) के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार फ्रिज, टीवी, कूलर, आलमारी, बेड सहित घरेलू सामान और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के करीब एक महीने तक पति ने उसे ठीक से रखा, लेकिन इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा।
पति ने शुरू कर दी बुलेट की मांग
महिला के मुताबिक, पति उस पर मायके से बुलेट मोटरसाइकिल लाने या बुलेट खरीदने के लिए रुपये मांगकर लाने का दबाव बनाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास लक्ष्मी कुम्हार उसके सोने-चांदी के गहनों की मांग करती थी। गहने नहीं देने पर पति और सास मिलकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
पति की शिकायत करने पर सास भी लेती थी बेटे का पक्ष
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति आए दिन उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। जब वह अपने पति की शिकायत सास से करती तो सास भी बेटे का पक्ष लेते हुए मायके से दहेज लाने का दबाव बनाती थी।
महिला के अनुसार, लगातार प्रताड़ना के कारण वह परेशान रहने लगी थी और उसने मामले को लेकर पहले भी महिला थाना में शिकायत की थी। हालांकि, उसके पति के उपस्थित नहीं होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका।
मारपीट के बाद जबरन पिलाया कीटनाशक
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 27 मई 2026 को पति ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और दहेज नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर जबरन कीटनाशक पिला दिया।
कीटनाशक पीने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। इसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिन तक उसका उपचार चला।
पति पर खुद जहर पीने का भी आरोप
पीड़िता ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, घटना के दौरान पति ने उसे फंसाने के लिए खुद भी थोड़ा जहर पी लिया और उसके परिवार को यह गलत जानकारी दी कि महिला ने स्वयं जहर खाया है।
इलाज के बाद महिला अपने मायके लौटकर रहने लगी। अब उसने पति और सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीपत थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब महिला के आरोपों, घटना से जुड़े साक्ष्यों और मेडिकल रिकॉर्ड समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।












